Sunday, 3 July 2016

शोएब ने मुझे और युवराज को कमरे में घुसकर मारा था: हरभजन सिंह

भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने अपने क्रिकेट करियर के दौरान हुए कई घटनाओं को सार्वजनिक किया। इसी दौरान उन्होंने एक ऐसा राज खोला जो शायद ही किसी क्रिकेट फैंस को पता हो। हरभजन ने कहा कि एक बार उन्हें और युवराज सिंह को पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने कमरे में मारा था।
क्या हुआ था भज्जी और युवी के साथ
हरभजन सिंह के मुताबिक उन्हें शोएब अख्तर ने कहा कि वह मेरे कमरे में आकर मुझे पीटेगा। मैंने भी उससे कह दिया कि आ जा और देखते हैं कौन किसे पीटता है। शोएब की बात से मैं काफी डर गया था। वह काफी लंबा चौड़ा था। उसने एक बार मुझे और युवराज को कमरे के अंदर मारा था। वह काफी भारी था इसलिए उसे काबू करना जरा मुश्किल था।
शोएब से मैदान के बाहर अच्छी दोस्ती
हालांकि हरभजन ने ये भी कहा कि शोएब और उनकी मैदान पर बहस होती रहती है मगर मैदान के बाहर वो मेरे अच्छे दोस्त हैं। भज्जी के मुताबिक शोएब मुझे काफी परेशान करता था। वह हमारे साथ बैठता था, हमारे साथ खाता था। वह हमारे काफी करीब था इसलिए वह हमें तवज्जो नहीं देता था। उसने एक बार मुझे अपनी गेंद पर छक्का लगाने को कहा और मैंने छक्का लगा दिया इसके बाद तो वो स्तब्ध रह गया। फिर उसने मुझे दो बाउंसर फेंके जिससे मैं बच गया। उसने इसके बाद मुझे अपशब्द कहे और इसका मैंने जवाब दिया। लेकिन मैच के बाद हम साथ बैठे जैसे कुछ हुआ ही नहीं।'

आमिर ने खोला राज, 'दंगल' की शूटिंग के दौरान उन्‍हें था जान का खतरा

आमिर खान अपनी मर्जी से फिल्मों के किरदारों का चयन करते हैं। कई बार वो ऐसे किरदार भी चुन लेते हैं, जो चैलेंजिंग के साथ रिस्की भी बहुत होते हैं। आमिर फिल्म 'दंगल' में जो महावीर सिंह फोगाट का किरदार निभा रहे हैं, वो भी बहुत रिस्की है। इस किरदार की शूटिंग के दौरान आमिर की जान भी जा सकती थी।

डीएनए की रिपोर्ट के मुताबिक, 'दंगल' फिल्म के लिए बॉडी बनाना आमिर के लिए खतरे से खाली नहीं था। हालांकि आमिर हमेशा से ही रिस्क लेने में विश्वास रखते हैं, फिर वो चाहे बॉडी के साथ हो या फिर करियर के साथ। आमिर ने बताया, 'हमेशा लोग मुझे पागल समझते हैं। जब मैंने 'लगान' फिल्म की थी, तब लोगों ने कहा था कि खेल पर बनी फिल्म भारत में नहीं चलती, पीरियड फिल्में नहीं चलतीं। मैंने इसमें धोती पहनी थी और डायलॉग्स भी हिंदी नहीं थे। फिल्म भी काफी लंबी थी। सबने कहा कि फिल्म बड़ी फ्लॉप साबित होगी, लेकिन मुझे यह पसंद आई और मैंने इसमें काम किया। लेकिन 'लगान' उस साल की सबसे बड़ी हिट फिल्म साबित हुई। मुझे इसके लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। ऑस्कर के लिए भी फिल्म का नॉमिनेशन हुआ।'
आमिर ने जब 'दंगल' फिल्म साइन की तब भी उन्हें इसे करने के लिए मना किया गया, क्योंकि इस किरदार में रिस्क बहुत था। बूढ़े और जवान महावीर का किरदार आमिर को खुद ही निभाना है। पचास साल की उम्र में बॉडी को ऐसा बनाना काफी रिस्की थी। लेकिन आमिर ने किसी की नहीं मानी। उन्होंने बताया, 'मुझे हमेशा यह डर सताता है कि कहीं फिल्म का काम ना रुक जाए। मैं चोटिल ना हो जाऊं, कहीं शूटिंग के दौरान मैं मर ना जाऊं। 
मेरा मकसद यह होता है कि फिल्म किसी भी हालत में बंद नहीं होनी चाहिए।'
उन्होंने बताया, 'फिल्म 'दंगल' की शूटिंग में भी बहुत रिस्क था। मुझे भी डर था कि मुझे कुछ हो गया, तो फिल्म का क्या होगा। ऐसे में मैंने फिल्म के डायरेक्टर नितेश तिवारी को कह दिया था कि अगर शूटिंग के दौरान मेरी मौत हो जाए, तो युवा महावीर के कैरेक्टर में वरुण धवन, शाहिद कपूर, रणबीर कपूर या रणवीर सिंह को कास्ट कर लेना।'
बता दें कि आमिर इन दिनों 'दंगल' की शूटिंग कर रहे हैं। फिल्म के इस शेड्यूल में वह युवा महावीर का किरदार निभा रहे हैं। कुछ दिनों पहले उन्होंने अपनी एक फोटो शेयर की थी, जिसमें उनकी बॉडी बेहद शानदार लग रही है।

महिला पत्रकार के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर फंसे अभिजीत, शिकायत हुई दर्ज

गायक अभिजीत एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. महिला पत्रकार स्वाति चतुर्वेदी ने अभिजीत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई हैं. गायक पर ट्विटर पर महिला पत्रकार के साथ बहस के दौरान उनके और अन्य मीडिया कर्मियों के खिलाफ गाली-गलौज वाली भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप है. अभिजीत के खिलाफ दिल्ली के वसंत विहार थाने में मामला दर्ज कराया गया है.

विवाद तब पैदा हुआ जब अभिजीत ने चेन्नई में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हत्या को लव जिहाद का मामला बताया. उन्होंने गलत तरीके से यह संकेत देने की कोशिश की कि उस पर हमला किसी मुस्लिम ने किया.
जब महिला पत्रकार स्वाति चतुर्वेदी और अन्य ट्विटर उपयोगकर्ताओं ने कहा कि अनावश्यक सांप्रदायिक उन्माद भड़काने के लिए उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए तो अभिजीत ने उनके खिलाफ ‘एक बूढ़ी महिला’ जैसे अपशब्द का इस्तेमाल किया. चतुर्वेदी ने कहा कि गायक का ट्वीट ‘महज अश्लीलता और गलत आचरण’ वाला था और वह उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएंगी.
चतुर्वेदी ने कहा, ‘उन्होंने मेरे खिलाफ सभी तरह के लोडेड, अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया. यह सब इसलिए शुरू हुआ क्योंकि वह चेन्नई मामले में यह सूचना ट्वीट कर रहे हैं. और मैंने कहा कि इस तरह की चीजों से दंगा शुरू हो सकता है.’ उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस उन तक पहुंची है और अभिजीत के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

ढाकाः हमलावरों में शामिल था बांग्लादेश आवामी लीग के नेता का बेटा!

बांग्लादेश के सत्तारूढ़ अवामी लीग के एक वरिष्ठ नेता का बेटा भी ढाका के रेस्तरां पर हुए आतंकवादी हमले के सात हमलावरों में शामिल हो सकता है। मीडिया में रविवार को आयी खबरों में ऐसी आशंका जतायी गयी है। इस घटना में हमलावरों ने 20 लोगों की हत्या कर दी थी।
बीडी न्यूज की खबर के अनुसार, पार्टी की ढाका शाखा के नेता और बांग्लादेश ओलंपिक एसोसिएशन के उपमहासचिव एस एम इम्तियाज खान बाबुल का बेटा रोहन इब्ने इम्तियाज की पहचान हमलावरों में से एक रूप में हुई है। उनकी पहचान पार्टी के ही एक अन्य नेता ने की है।
बाबुल ने इस वर्ष चार जनवरी को अपने बेटे के लापता होने की पुलिस में शिकायत दर्ज करायी थी।
बीडी न्यूज ने फिलहाल आवामी लीग की ढाका शहर की निष्क्रिय इकाई के उपाध्यक्ष मुकुल चौधरी के हवाले से लिखा है, मीडिया और फेसबुक पर तस्वीरें आने के बाद हमने उसकी (रोहन) पहचान, इम्तियाज बाबुल के बेटे के रूप में की है।
रोहन ने ढाका के अमीर परिवारों में पसंद किए जाने वाले स्कूल स्कूलास्टिका से ए-लेवेल किया है। उसकी मां इसी स्कूल में शिक्षिका हैं। उसके पूर्व सहपाठियों ने रोहन के माता-पिता के साथ उसकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर अपलोड की है, वहीं निगरानी संस्था एसआईटीई इंटेलिजेंस ने टि्वटर पर तस्वीर डाली है। संस्था द्वारा डाली गयी यह तस्वीर कथित रूप से इस्लामिक स्टेट की ओर से जारी हमलावरों की तस्वीर है।
सेना का कहना है कि ढाका के इस रेस्तरां पर हुए हमले और अभियान के दौरान छह हमलावर मारे गए हैं जबकि 20 बंधक, ज्यादातर विदेशी, भीतर मृत मिले।
पुलिस ने बाद में पांच शवों की तस्वीरें जारी कीं, जो उनके अनुसार हमलावर थे।
रिश्तेदारों का कहना है कि लेकिन इनमें रोहन की तस्वीरें नहीं हैं। एसआईटीई या पुलिस द्वारा दिए गए नाम या तस्वीरों में भी रोहन का जिक्र नहीं है।
एसआईटीई ने पांच हमलावरों की पहचान अबु उमर, अबु सलाम, अबु रहीम, अबु मुस्लिम और अबु मुहरिब अल-बंगाली के रूप में की है। पुलिस ने जो नाम बताए हैं, वे हैं आकाश, बिकास, डॉन, बधोन और रिपन।
पुलिस महानिरीक्षक ए के एम शहीदुल हक ने मीडिया से कहा कि पांच हमलावर आतंकवादी संगठन जमातुल मुजाहिद्दीन बांग्लादेश के सदस्य थे। उन्होंने दावा किया कि पुलिस को कुछ वक्त से इनकी तलाश थी।
चौधरी का कहना है कि सोशल मीडिया पर रोहन की तस्वीरें आने के बाद से वे बाबुल से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। बाबुल द्वारा पुलिस में दी गयी शिकायत के अनुसार, 20 वर्षीय रोहन बीआरएसी विश्वविद्यालय का छात्र था।
ऐसा कहा जा रहा है कि बाबुल 25 दिसंबर, 2015 को अपनी पत्नी का इलाज कराने भारत गए, और 30 दिसंबर को ढाका से उन्हें सूचना दी गयी कि रोहन घर वापस नहीं लौटा है।

कल शपथ लेंगे मोदी के कैबिनेट के नए मंत्री, अनुप्रिया पटेल सहित 9 नाम तय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में होने वाले फेरबदल के लिए मंगलवार का दिन तय हो गया है. 5 जुलाई को 11 बजे राष्ट्रपति भवन में नए मंत्री शपथ ग्रहण करेंगे. राष्ट्रपति भवन को इसकी आधिकारिक सूचना दे दी गई है।

इस फेरबदल में कुछ सांसदों का प्रमोशन हो सकता है. वहीं कुछेक मंत्रियों को संगठन के काम में लगाने के लिए कैबिनेट से बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है. मंत्रिमंडल में शामिल होनेवाले नौ सांसदों के नाम लगभग फाइनल किए जा चुके हैं.
यूपी से अनुप्रिया पटेल बन सकती हैं मंत्री
मंत्रियों के दो साल के कामकाज की रिपोर्ट के आधार पर किए जा रहे इस बदलाव के दौरान कई नए चेहरों को जगह मिल सकती है. इनमें कम से कम एक मंत्री का उत्तर प्रदेश से होना लगभग तय है. यूपी से बीजेपी की सहयोगी पार्टी अपना दल की सांसद अनुप्रिया पटेल को सरकार में शामिल किया जाना तय माना जा रहा है.
आने-जाने वालों के लगभग तय नाम
पटेल के अलावा अन्य संभावित नामों में पुरुषोत्तम रुपाला, रामदास अठावले, अजय टमटा, कृष्णराज, एसएस अहलूवालिया, महेंद्रनाथ पांडेय, अर्जुनराम मेघवाल, पीपी चौधरी प्रमुख हैं. वहीं मानव संसाधन राज्य मंत्री रामशकंर कठेरिया और पंचायती राज, रसायन और उर्वरक राज्य मंत्री निहालचंद को वापस संगठन में काम करने के लिए भेजा जा सकता है. बाहर जाने वाले में अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री नजमा हेपतुल्ला का नाम भी बताया जा रहा है.
पीएम मोदी के विदेश दौरे से पहले फेरबदल
पीएम मोदी के विदेश दौरे से पहले सरकार इस बड़े काम को अंजाम देने की कोशिश में लग गई है. पीएम मोदी 6 जुलाई को विदेश दौरे पर रवाना होनेवाले हैं. इसके पहले ही लंबे समय से कयास लगाए जा रहे कैबिनेट फेरबदल को अमली जामा पहनाया जा सकता है. यूपी विधानसभा चुनाव के पहले ही फेरबदल किए जाने की बात कही जा रही थी.
आरएसएस से ली गई थी सहमति
कैबिनेट में फेरबदल का यह फैसला पीएम मोदी, बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और वित्त मंत्री अरुण जेटली की आरएसएस नेताओं के साथ हुई बैठक के बाद लिया गया. बताया जाता है कि सरकार ने संघ प्रमुख से नए मंत्रियों के नाम पर सहमति ले ली है.

Friday, 1 July 2016

ढाकाः बंधकों को बचाने के लिए रेस्टोरेंट में घुसे कमांडो, एक विदेशी समेत 12 बंधक छुड़ाए गए

बांग्लादेश की राजधानी ढाका के हाई प्रोफाइल गुलशन इलाके के रेस्टोरेंट पर शुक्रवार रात हथियारबंद आतंकी हमले के बाद कमांडो ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है. करीब 100 कमांडो रेस्टोरेंट में घुस गए हैं. अब तक 12 बंधकों को छुड़ा लिया गया है. करीब 11 घंटों से जारी इस बंधक संकट की जिम्मेदारी कुख्यात आतंकी संगठन इस्लमिक स्टेट (आईएसआईएस) ने ली है.

इस्लामिक स्टेट ने अपनी समाचार एजेंसी अमाक के जरिए हमले के करीब चार घंटे बाद इसकी जिम्मेदारी ली है. शहर में लाइव प्रसारण रोक दिया गया है.
भारतीय उच्चायोग के सभी कर्मचारी सुरक्षित
राजनयिक क्षेत्र में आतंकी हमला कर रेस्टोरेंट के अंदर करीब 20 लोगों को बंधक बनाया है. बंधक बनाए गए लोगों में कई विदेशी बताए जा रहे हैं. इसमें शामिल एक भारतीय राजनयिक के बारे में बताया जा रहा है कि वह सुरक्षित हैं. साथ ही इलाके में पड़ने वाले भारतीय उच्चायोग के सभी कर्मचारी भी सुरक्षित बताए जा रहे हैं. विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय उच्चायोग के सभी राजनयिक सुरक्षित हैं और किसी को भी किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है. मंत्रालय इस मामले पर पूरी तरह से नजर बनाए हुए है.
नारेबाजी के साथ आतंकियों ने की अंधाधुंध गोलीबारी
इससे पहले होली आर्टिसन बेकरी में घुसे कम से कम नौ हथियारबंद आतंकी और बांग्लादेशी सुरक्षाबलों के बीच भीषण गोलीबारी हुई. गोलीबारी में दो पुलिसकर्मियों सहित चार लोगों की मौत हो गई और करीब 30 लोग घायल हो गए. जानकारी के मुताबिक सभी आतंकी नारे लगाते हुए रेस्टोरेंट में घुसे. स्थानीय समयानुसार रात करीब 9.20 बजे उन सबने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी.
मारे गए इटली के दो नागरिक
इस मशहूर रेस्टोरेंट में राजनयिक और विदेशी नागरिकों का आना जाना लगा रहता है. हमलावरों ने रेस्टोरेंट के अंदर से बम फेंके और रुक-रुककर गोलीबारी की. घटनास्थल के पास थोड़ी-थोड़ी देर में गोली चलने और विस्फोटों की आवाज सुनी गई. इटली के एक टीवी चैनल ने बताया है कि उसके 7 नागरिक भी बंधक बनाए गए हैं. बांग्लादेशी मीडिया के मुताबिक हमले में इटली के दो नागरिक मारे गए हैं.
एक विदेशी समेत कुछ लोगों को बाहर निकाला
स्थानीय पुलिस के मुताबिक अंदर इटली और जापानी सहित कई देशों के लोगों सहित स्थानीय लोगों को भी बंधक बनाया गया है. रैपिड एक्शन बटालियन के प्रमुख बेनजीर अहमद ने बताया कि हम अंदर छिपे आतंकियों से बातचीत की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन हमारी पहली प्राथमिकता अंदर फंसे लोगों की जान बचाना है. उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान एक विदेशी समेत 12 बंधकों को बचा लिया गया है.

उत्तराखंड में बादल फटने से 34 लोगों की मौत, उफान पर कई नदियां, अगले 72 घंटे भारी बारिश का रेड अलर्ट

देशभर में मौसम का हाई अलर्ट जारी हो गया है. दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदलना शुरू हो गया है और अगले 48 घंटों में मानसून दस्तक दे सकता है. हिमालय में माससून नया गुल खिला रहा है, जिससे उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अगले 72 घंटे बेहद भारी गुजरने वाले हैं.

अगले 48 घंटों में हिमालय पर मूसलाधार बारिश
मानसून की एक नई लहर उत्तर भारत में अपना असर दिखा रही है, इसकी वजह से दिल्ली, एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और उत्तराखंड के तमाम इलाकों में मौसम बदल चुका है. कई जगहों पर बारिश लोगों को परेशान किए हुए हैं. लेकिन अब पहाड़ों के मौसम में बदलाव और तेजी से होगा और अगले 48 घंटों में हिमालय पर मूसलाधार बारिश होने वाली है.
हिमाचल-उत्तराखंड में अलर्ट जारी
मौसम विभाग की मानें तो मानसून और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आपस में टकरा रहे हैं, जिसकी वजह से पहाड़ के ऊंचे इलाकों में मौसम खराब होने की आशंका काफी बढ़ गई है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों के लिए भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इन तीनों राज्यों में अगले 72 घंटों में 12 सेंटीमीटर या इससे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की जा सकती है.

उत्तराखंड में अलकनंदा नदी का रौद्र रूप
लगता है देवभूमि उत्तराखंड से देव एक बार फिर नाराज हैं. जिस तरह से नदियां उफन रही हैं, जिस तरह से सैलाब सबकुछ बहाकर ले जा रहा है. उत्तराखंड वालों के लिए तीन साल पहले की तबाही फिर से जहन में तैरने लगी है. लोग डरने लगे हैं. उत्तराखंड की सबसे खतरनाक और सबसे बड़ी नदी अलकनंदा उफान पर है. कहा जाता है कि अलकनंदा जब अपना रौद्र रूप धारण करती है तो सिर्फ और सिर्फ तबाही लाती है. ऋषिकेष-बद्रीनाथ मार्ग पर तोता घाटी के पास चट्टान खिसकने से हाइवे बंद हो गया है. उत्तराखंड में पिछले 24 घंटे से मौसम ने जैसे हाहाकार मचा दिया है, बाढ़ और बारिश प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू टीमें भेजी जा रही हैं.

पीएम मोदी ने जताया दुख
उत्तराखंड में भारी बारिश, लैंडस्लाइड और बादल फटने से 34 लोगों की मौत हो चुकी है. बद्रीनाथ से गौचर के बीच करीब तीन हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है. मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों में नैनीताल, उधमसिंह नगर और चंपावत में भी भारी बारिश की चेतावनी दी है.  भारी बारिश की आशंका के चलते हरिद्वार, टिहरी, पिथौरागढ़, नैनीताल के सभी स्कूल मंगलवार तक बंद रहेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड में बादल फटने और बारिश की वजह से मारे गए लोगों को लेकर दुख जताया. उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वो उत्तराखंड के लोगों के साथ हैं. साथ ही पीएम जख्मी हुए लोगों को जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की.
आंध्र के 56 गांव बाढ़ में डूबे
तेलंगाना के आदिलाबाद, हैदराबाद, करीमनगर, खम्मम, महबूबनगर, मेढक, नालगोंडा, निज़ामाबाद, रंगा रेड्डी और वारंगल में बारिश ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है, जबकि आंध्र प्रदेश के 56 गांव बाढ़ के पानी में डूबे हैं. इन गांवों में बिजली गुल है. यहां ईस्ट गोदावरी नदी उफान पर है. आंध्र प्रदेश में अगले दो दिनों तक मूसलाधार बारिश की चेतावनी है.
अरुणाचल में भूस्खलन से 10 लोगों की मौत
अरुणाचल प्रदेश के वेस्ट कामेंग जिले में शुक्रवार सुबह हुए एक भूस्खलन में 10 लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने कहा कि पांच शव निकाले जा चुके हैं और अन्य शवों को निकालने के लिए अभियान जारी है. भूस्खलन में मारे गए लोग एक छोटी पहाड़ी के नीचे निवास करते थे. अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल जे पी राजखोवा ने मृतक के परिवार के लिए एक-एक लाख रुपये अनुग्रह राशि की घोषणा की है.
मध्य प्रदेश में भी बाढ़ का कहर
मध्य प्रदेश के खरगोन में बाढ़ कहर बरपा रहा है. यहां भारी बारिश की वजह से दीवानी बंधानी नदी उफन रही है. बाढ़ का पानी सड़कों पर आग गया है. बारिश की वजह से खंडवा-वडोदरा हाइवे का बुरा हाल हो चुका है.