Thursday, 30 June 2016

सुब्रमण्यम स्वामी ने मोदी सरकार के 'अच्छे दिनों' पर उठाए सवाल, कहा- आंकड़े दिए तो मचेगा हल्ला

बीजेपी के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी के तेवर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सधी फटकार के बाद भी बदलते नजर नहीं आ रहे. अपने बयानों से केंद्र सरकार और बीजेपी दोनों के लिए समस्या खड़ी करने वाले स्वामी ने अब सीधे मोदी सरकार के 'अच्छे दिनों' पर प्रहार किया है. उन्होंने शुक्रवार सुबह ट्विटर पर 'जीडीपी' के तीर से आरबीआई और सरकार दोनों पर एकसाथ वार किया.

स्वामी ने सुबह-सुबह टि्वटर पर लिखा, 'अगर मैं इंडेक्स नंबर के सैमुअल्सन-स्वामी थ्योरी को भारतीय जीडीपी की गणना या आरबीआई इंटरेस्ट रेट पर लागू करूं तो मीडिया चिल्लाने लगेगी कि ये पार्टी विरोधी गतिविधी है.'
इसमें कोई दो राय नहीं है कि सुब्रमण्यम स्वामी ने अपने ट्वीट के जरिए जिस तरह देश की जीडीपी के आंकड़ों पर सवाल उठाए हैं, इससे मोदी सरकार का आहत होना तय है. क्योंकि गौर करने वाली बात यह है कि दो साल के कार्यकाल के बाद केंद्र सरकार अगर अपनी सफलताओं को गिनाने बैठती है तो पहला नंबर बेहतर जीडीपी को देती है.
If I apply Samuelson-Swamy Theory of Index Numbers to India's GDP calculation or RBI interests rates, media will scream anti party activity!
— Subramanian Swamy (@Swamy39)

बता दें कि पॉल सैमुअलसन एक प्रतिष्ठ‍ित अमेरिकी अर्थशास्त्री थे. स्वामी कई मौकों पर उन्हें अपना गुरु तक बता चुके हैं.
मोदी सरकार ने जीडीपी के आंकड़ों को बताया 'अच्छे दिन'
अभी बीते महीने ही सरकार ने बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के आंकड़े जारी करते हुए दावा किया था कि भारतीय अर्थव्यवस्था ने रफ्तार पकड़ी है. बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में 7.9 फीसदी की वृद्धि दर दर्ज की है. मोदी सरकार ने इस तरह भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बताया. राजनीतिक जानकार स्वामी के इस ट्वीट को सीधे पीएम पर हमले की संज्ञा दे रहे हैं, जबकि निशाने पर हमेशा की तरह वित्त मंत्रालय और इसके प्रमुख अरुण जेटली भी हैं.
पीएम ने सुनाई थी खरी-खरी
गौरतलब है कि बीजेपी को अपने बयानों से असहज करने वाले राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते दिनों खरी खरी सुनाई. पीएम ने कहा कि अगर कोई पब्लिसिटी के लिए बयान दे रहा है तो ये गलत है. मोदी ने कहा कि कोई भी पार्टी से बड़ा नहीं हो सकता, वहीं स्वामी ने ट्विटर के जरिए पीएम पर पलटवार किया. उन्होंने बुधवार सुबह ट्वीट किया कि वह पब्लिसिटी के पीछे नहीं भागते, बल्कि पब्लिसिटी उनके पीछे भागती है.

30 साल बाद साकार हुआ सपना, वायुसेना के बेड़े में शामिल हुआ स्वदेशी लड़ाकू विमान 'तेजस'

आसमान में शुक्रवार को भारत की ताकत और बढ़ गई. बेंगलुरु में शंख की गूंज के साथ देश में बने पहले लाइट कॉम्बैट लड़ाकू विमान तेजस को एयरफोर्स में शामिल किया गया. इन दो विमानों के बेड़े का नाम 'फ्लाइंग डैगर्स फोर्टीफाइव' है. ये विमान 1350 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आसमान का सीना चीर सकते हैं, जो दुनिया के सबसे बेहतरीन फाइटर प्लेन को टक्कर देने की हैसियत रखता है.

सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने इन फायटर प्लेन का निर्माण किया है. इसके साथ ही स्वदेशी लड़ाकू विमान का हिंदुस्तान का सपना 30 साल की मेहनत के बाद पूरा हो गया है. तेजस की क्षमताओं की तुलना फ्रांस की बनी 'मिराज 2000', अमेरिका की एफ-16 और स्वीडन की ग्रि‍पेन से की जाती है. वायुसेना में आधि‍कारिक रूप से शामिल होने के बाद विमान ने छोटी उड़ान भी भरी.

वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि दक्षिणी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन चीफ एयर मार्शल जसबीर वालिया की मौजूदगी में एयरक्राफ्ट सिस्टम टेस्टिंग एस्टेबलिशमेंट (एएसटीई) में एलसीए स्क्वाड्रन को शामिल किया गया. इस समारोह में वायुसेना में तेजस को शामिल  करने से पहले पूजा-पाठ की गई. पहले दो साल यह स्क्वाड्रन बेंगलुरु में ही रहेगा.

क्या मुंहासों ने आपके चेहरे की खूबसूरती छीन ली है?

गर्मी के दिनों में अक्सर लोगों को पिंपल्स की प्रॉब्लम हो जाती है. खासतौर पर उन लोगों को जिनकी स्किन ऑयली है. विशेषज्ञों की मानें तो मुंहासे न आएं, इसके लिए सबसे जरूरी है कि शरीर में पानी की कमी न होने पाए. बावजूद इसके अगर चेहरे पर मुंहासे आ गए हैं तो उन्हें बार-बार छुए नहीं. ऐसा करने से इंफेक्शन बढ़ सकता है और मुंहासों की तकलीफ भी.

अगर आप भी ऐसी ही समस्या से जूझ रहे हैं तो इन उपायों को आजमाकर आप भी कील-मुंहासों की प्रॉब्लम से राहत पा सकते हैं.
- अपने चेहरे को तरोजाता रखने के लिए इसे दिन में तीन बार पानी से धोएं, जिससे धूल के गंदे कण बाहर निकल जाएंगे. हालांकि बार-बार साबुन का इस्तेमाल करना खतरनाक हो सकता है. चेहरा धोने के लिए आप जिस भी फेसवॉश का इस्तेमाल करें, वो अच्छी क्वालिटी का होना चाहिए. हो सके तो नेचुरल फेसवॉश का ही प्रयोग करें.
- किसी भी सूरत में शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें. शरीर में पानी की कमी हो जाने पर एक ओर जहां मुंहासों की समस्या बढ़ जाएगी वहीं कई दूसरी बीमारियों के होने का खतरा भी बढ़ जाएगा.
- मुंहासों को बार-बार छुना खतरनाक हो सकता है. इससे इंफेक्शन तो बढ़ेगा ही साथ ही दाग भी पड़ जाने का डर बना रहेगा.
- आमतौर पर मुंहासों की समस्या को लड़कियों की ही प्रॉब्लम मान लिया जाता है लेकिन ऐसा नहीं है. पुरुषों को भी पिंपल्स की प्रॉब्लम होती है. ऐसे में जो पुरुष रोजाना शेव करते हैं उन्हें अच्छी क्वालिटी का किट इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है.

निखरी त्‍वचा पाने के लिए करें बस ये एक काम...

हर लड़की को होती है और उसे पाने के लिए हम न जाने क्‍या-क्‍या उपाय करते हैं. कभी क्रीम, तो कभी लोशन और कई बार तो कॉस्‍मेटिक सर्जरी जैसी रिस्‍की चीजों का भी सहारा लेते हैं लेकिन क्‍या आप जानते हैं कि फ्लॉलेस स्किन पाना इतना भी मुश्किल नहीं है. बस आपको अपने खाने-पीने की चाजों पर ध्‍यान रखने की जरूरत है जैसे, चॉकलेट खाने से त्‍वचा में निखार आता है.

आइए जानें, ऐसे ही और भी सुपर फूड्स के बारे में जो हमारी त्‍वचा को चमकदार बनाते हैं...
1. डार्क चॉकलेट: चॉकलेट में फ्लैवलॉएड्स नाम के एंटी-एजिंग और एंटीऑक्सिडेंट्स पाए जाते हैं जो फ्री-रैडिकल्स से लड़कर आपकी त्वचा को UV किरणों से होने वाले नुकसान से बचाते हैं. साथ ही ये झुर्रियों, और स्किन डिसकलरेशन को रोकती है.
2. पालक: पालक में प्रचुर मात्रा में बीटा कैरोटीन, विटामिन B, C, E, पोटैशियम, कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम और ओमेगा-3 फैटी ऐसिड्स पाए जाते हैं जो बढ़ती उम्र की परेशानियों को कम करने में मदद करते हैं. इसमें मौजूद फैटी एसिड्स बालों की चमक को भी बनाए रखते हैं.
3. दही: दही में गुड बैक्टीरिया पाए जाते हैं जो एक्ने से छुटकारा दिलाते हैं, झाइयां और दाग-धब्बे कम करने में मदद करता है.
4. अखरोट: अखरोट में भारी मात्रा में ओमेगा-3 फैटी एसिड्स पाए जाते हैं जो त्वचा को हेल्दी रखता है.

एसिडिटी की शिकायत होने पर आजमाएं ये 5 चीजें

कई बार ऐसा होता है कि बहुत अधिक मसालेदार खाना खाने से एसिडिटी की प्रॉब्लम हो जाती है. एसिडिटी के चलते भारीपन और पेट दर्द की शिकायत भी हो जाती है.

एसिडिटी एक बहुत ही नॉर्मल प्रॉब्लम है, जिससे अक्सर लोगों को दो-चार होना पड़ता है. अगर आप तले हुए और चटपटे खाने के शौकीन हैं तो आपको भी ये प्रॉब्लम हो जाती होगी.
एसिडिटी एक ऐसी प्रॉब्लम है जिसे आप बिना दवा के घरेलू उपायों की मदद से ही दूर कर सकते हैं.
ये हैं वो 5 चीजें जिनके इस्तेमाल से आप बिना दवा लिए भी एसिडिटी की प्रॉब्लम से छुटकारा पा सकते हैं.
1. आजवायन
एसिडिटी हो जाने पर अजवायन का उपाय बहुत कारगर होता है. दो चम्मच अजवायन को एक कप पानी में अच्छी तरह उबाल लें. जब ये पानी आधा हो जाए तो गैस बंद कर दें. ठंडा होने पर छानकर पी लें. अगर आपको स्वाद अच्छा न लगे तो आप इसमें चुटकीभर नमक भी मिला सकते हैं.
2. आंवला
अगर आपको अक्सर एसिडिटी की शिकायत रहती है तो आंवला खाना आपके लिए बहुत फायदेमंद रहेगा. आप चाहें तो घर पर भी आंवला कैंडी बना सकते हैं. वैसे ये बाजार में भी आसानी से मिल जाती है.
3. तुलसी की पत्त‍ियां
तुलसी एक औषधि है. जो सर्दी-जुकाम जैसी बीमारियों के साथ ही एसिडिटी में भी राहत दिलाने का काम करती है.
4. जीरा
जीरा, पेट दर्द, कब्ज और एसिडिटी के इलाज में काफी कारगर है. जीरे को भूनकर काले नमक के साथ खाने से जल्दी आराम मिलता है.
5. हल्दी
दही में हल्दी मिलाकर खाना भी कब्ज और एसिडिटी में फायदेमंद होता है. अगर आपको पेट दर्द, कब्ज और ऐंठन की समस्या है तो दही में हल्दी मिलाकर खाना आपके लिए फायदेमंद रहेगा.

कांग्रेस का आरोप- वाड्रा को फंसाने के लिए खट्टर सरकार ने जस्ट‍िस ढींगरा को दी 'रिश्वत'

कांग्रेस ने हरियाणा सरकार पर रॉबर्ट वाड्रा के गुड़गांव लैंड डील केस की जांच कर रहे जस्टि‍स एसएन ढींगरा को 'रिश्वत' देने का सनसनीखेज आरोप लगाया है. पार्टी प्रवक्ता आरएस सुरजेवाला का कहना है कि मनोहर लाल खट्टर सरकार ने मन-मुताबिक रिपोर्ट तैयार करवाने के लिए रिटायर्ड जस्ट‍िस ढींगरा की ट्रस्ट को फायदा पहुंचाया गया. कांग्रेस ने ढींगरा के इस्तीफे की मांग की है.

जस्टिस ढींगरा ने कहा कि उन्होंने एक व्यक्ति से मिले कुछ दस्तावेजों का अध्ययन करने के लिए और समय मांगा है. जस्टिस ढींगरा ने प्रदेश के मुख्य सचिव को मेसेज भेजकर बताया कि गुड़गांव में कॉलोनी डवलप करने के लिए जारी हुए लाइसेंसों के मामले में कुछ अधिकारियों के नाम सामने आए हैं और कुछ को फायदा पहुंचाने की बात भी पता चली है.
जस्टिस ढींगरा ने मांगा समय
जस्टिस ढींगरा ने कहा कि 'मैं रिपोर्ट हरियाणा के मुख्यमंत्री को जमा करने वाला था लेकिन किसी ने गुड़गांव में मुझे कुछ दस्तावेज सौंपे और कहा कि ये कागजात लाइसेंस दिए जाने से लाभ हासिल करने वालों के बेनामी लेनदेन के हैं.' ढींगरा ने गुरुवार को राज्य सरकार को सूचित करते हुए कहा कि मैं दस्तावेजों का अध्ययन करुंगा, उन्हें अपनी रिपोर्ट का हिस्सा बनाऊंगा, अन्यथा मैं कल आकर रिपोर्ट दे दूंगा.'
राज्य सरकार दो बार बढ़ा चुकी है कार्यकाल
आपको बता दें कि हरियाणा सरकार पहले दो बार ढींगरा आयोग का कार्यकाल बढ़ा चुकी है. राज्य की बीजेपी सरकार ने पिछले साल दिसंबर में आयोग के कार्यकाल को छह महीने की अवधि के लिए बढ़ा दिया था. 17 जून को सरकार ने आयोग का कार्यकाल 30 जून तक के लिए बढ़ा दिया था.
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी ढींगरा जांच आयोग को निष्प्रभावी करने की मांग की थी. राज्य की मौजूदा मनोहर लाल खट्टर सरकार ने गुड़गांव के सेक्टर 83 में शहर और ग्राम नियोजन विभाग द्वारा व्यावसायिक कॉलोनियां विकसित करने के लिए कुछ कंपनियों को लाइसेंस देने से संबंधित मुद्दों की जांच के लिए ढींगरा आयोग का गठन किया था.
कांग्रेस ने ढींगरा पर लगाया आरोप
आयोग के कार्यकाल विस्तार का अनुरोध ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि दिल्ली उच्च न्यायालय के रिटायर्ड जस्टिस एसएन ढींगरा ने हरियाणा सरकार से अपने पक्ष में कुछ मांग की है जो उन्हें इस मामले में कोई फैसला या रिपोर्ट देने के लिहाज से अक्षम और अनुपयुक्त बनाती है.
अनिल विज ने किया ढींगरा का समर्थन
हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने गुरुवार को ढींगरा आयोग की आलोचना करने पर हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार द्वारा बिल्डरों को अनुचित लाभ पहुंचाने की कैग ने भी निंदा की थी.

Tuesday, 28 June 2016

कभी उम्मीद नहीं की थी कि ‘उड़ता पंजाब’ मेरी सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म होगी: शाहिद कपूर

अभिनेता शाहिद कपूर के लिए ‘उड़ता पंजाब’ की सफलता हैरान करने वाली रही है। उनका कहना है कि उन्होंने कभी उम्मीद नहीं की थी कि यह फिल्म उनके करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म होगी। अभिषेक चौबे द्वारा निर्देशित फिल्म बीते 17 जून को रिलीज हुई और इसने पहले तीन दिनों में ही 33.8 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया।

शाहिद ने यहां अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी (आईफा) से इतर कहा, ‘इससे साबित होता है कि व्यावसायिक सिनेमा और गैर व्यावसायिक सिनेमा जैसा कुछ नहीं है। यहां सिर्फ अच्छा विषय और खराब विषय है।’ इस फिल्म में शाहिद के अलावा आलिया भट्ट, करीना कपूर खान और पंजाबी फिल्मों के सुपरस्टार दिलजीत दोशांज ने प्रमुख भूमिका निभाई है।